शाजापुर। जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शुजालपुर मंडी और पोलायकलां पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। इन छापों में पुलिस ने कुल 13 सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 28 हजार रुपये से अधिक की नकदी, 13 मोबाइल फोन, एक बाइक और सट्टा सामग्री जब्त की गई है।
टेम्पो चौराहे पर घेराबंदी, 10 धराए
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह तारणेकर एवं एसडीओपी निमेष कुमार देशमुख के मार्गदर्शन में मुखबिर की सूचना पर शुजालपुर थाना प्रभारी शिवकुमार यादव, पोलायकलां चौकी प्रभारी आरसी यादव और एसआई प्रदीप सिंह तोमर ने दो टीमें गठित कर बस स्टैंड और टेम्पो चौराहा क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस ने मौके से सट्टा अंक लिखते हुए 10 लोगों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों में अजय ठाकुर, शुभम ठाकुर, उस्मान खां, गोविंद सिंह, लखन राजपूत, बलराम सूर्यवंशी, मुकेश नाहर, युसुफ खां, जुगल किशोर पंवार और बनेसिंह मालवीय शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 15,610 नकद, 13 मोबाइल और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ सट्टा एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
सट्टा पर्ची काटते तीन आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई 16 अक्टूबर को पोलायकलां में की गई। बेरछा एसडीओपी नागेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में पोलायकलां चौकी प्रभारी रमेश चंद्र यादव की टीम ने सट्टा खेलते हुए अरविंद, घनश्याम और जगदीश सभी निवासी पोलायकलां को रंगे हाथों धर दबोचा। इनके पास से पुलिस ने 12,870 की नकदी और सट्टा उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश, 13 सटोरिए गिरफ्तार

