शाजापुर। अखबार में खबर प्रकाशित करने की बात को लेकर दैनिक समाचार पत्र के सिटी रिपोर्टर के साथ मारपीट करने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का मामला सामने आया है। पीडि़त पत्रकार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय अनिल माहोर एक दैनिक अखबार में सिटी रिपोर्टर हैं। बुधवार दोपहर करीब उनके पास मनोज जाट का फोन आया और बात करने के लिए बीकेएसएन कॉलेज बुलाया। जब अनिल कॉलेज पहुंचे तो वहां मनोज जाट ने अखबार में खबरें छापने को लेकर नाराजगी जताई। रिपोर्टर ने जब कहा कि वे केवल सही और निष्पक्ष खबरें ही छापते हैं, तो आरोपी भड़क गए। इसी दौरान वहां पवन गुर्जर आ गया और गाली-गलौज करते हुए रिपोर्टर को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने लगा। शोर सुनकर वीर जाट, आयुष शर्मा और उनका एक अन्य साथी भी मौके पर आ गए और सभी ने मिलकर रिपोर्टर को थप्पड़-मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया। जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपियों ने उन पर लात-घूंसे बरसाए, जिससे उनकी पीठ, गाल और गले में अंदरूनी चोटें आई हैं। आरोपी जाते-जाते धमकी देकर गए कि यदि भविष्य में उनके खिलाफ कोई खबर छापी तो जान से खत्म कर देंगे। घटना के बाद रिपोर्टर ने अपने वरिष्ठ अनिल मुकाती को मामले की जानकारी दी और पत्रकार साथियों के साथ थाने पहुंचकर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
खबर छापने से भड़के युवकों ने रिपोर्टर को कॉलेज बुलाकर पीटा

