रामपुरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 1247 कन्याओं का विवाह संपन्न हुआ
शाजापुर, 30 अप्रैल 2025/ हमारी संस्कृति उदार और महान है। दुनिया में ऐसी कोई संस्कृति नहीं है, जिसमें भारत की तरह हर कार्य संस्कार के अनुसार होते हैं। हमारी संस्कृति में गर्भधारण से लेकर मृत्यु तक संस्कार हैं, जिसमें पाणिग्रहण संस्कार भी शामिल हैं। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज शाजापुर जिले की कालापीपल तहसील के ग्राम रामपुरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत संपन्न हुए सामुहिक विवाह सम्मेलन में संबोधित करते हुए कही। सामुहिक विवाह में कुल 1247 विवाह हुए, जिसमें 1133 कन्याओं का विवाह हिन्दु रीति रिवाज के साथ तथा 114 निकाह हुए।
इस मौके पर अन्तर्राष्ट्रीय कथावाचक पण्डित श्री प्रदीप मिश्रा, संतश्री कल्याणदास महाराज, महामण्डलेश्वर संतश्री श्यामदास महाराज, महामण्डलेश्वर संतश्री रामगिरी महाराज, श्री रघुनाथदास महाराज, श्री विष्णुपुरी महाराज, सांसद श्री महेन्द्र सिंह सोलंकी, क्षेत्रीय विधायक श्री घनश्याम चन्द्रवंशी, शाजापुर विधायक श्री अरूण भीमावद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया, डॉ. रवि पाण्डे एवं श्री अशोक नायक सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवविवाहित दम्पत्तियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए कहा कि बेटियां नए परिवार की सदस्य बनने जा रही है, जहां उसे नए माता-पिता मिलेंगे। उन्होंने कहा कि बेटी को नए परिवार के सदस्य आदर एवं सम्मान दें। बेटियां भी नए परिवार के सदस्यों का आदर करें। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुनिया आज हमारी संस्कृति की तरफ बड़ी आशा भरी निगाहों से देखती है, वो हमारी संस्कृति को जानना एवं समझना चाहती है। हमारी तो संस्कृति इतनी उदार और महान है कि जो व्यक्ति अपना घर, संसार सब छोड़ देते हैं, उसके चरणों में प्रणाम करके अपना जीवन धन्य मानती है। यह हमारी संस्कृति वह है जो संग्रह करने में विश्वास नहीं करती, अपितु अपनी वस्तु दूसरो को देकर सुख महसूस करती है। गरीब से गरीब आदमी के घर के दरवाजे पर कोई अगर भूखा आ जाए तो भगवान समझ के उसकी क्षुधा शांत करने का हमारा प्रयास रहता है। सरकार की दिशा क्या होना चाहिए? सरकार की सोच क्या होना चाहिए, सरकार के मनोभाव क्या होना चाहिए, इसका आदर्श उदाहरण हमारे अपनी संस्कृति से आता है। प्रदेश में जहां-जहां भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हुई है, उन स्थानों पर धार्मिक तीर्थ स्थल बनाएंगे। जानापाव, जहां भगवान परशुराम की जन्म स्थली है, को विकसित किया जायेगा। प्रदेश के प्रत्येक नगरीय निकाय में एक गीता भवन बनाएंगे, जहां युवाओं को पढ़ने का स्थान उपलब्ध कराने के लिए अच्छी लायब्रेरी बनाई जायेगी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
प्रदेश में जहां-जहां भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हुई है, उन स्थानों पर धार्मिक तीर्थ स्थल बनाएंगे। जानापाव, जहां भगवान परशुराम की जन्म स्थली है, को विकसित किया जायेगा। प्रदेश के प्रत्येक नगरीय निकाय में एक गीता भवन बनाएंगे, जहां युवाओं को पढ़ने का स्थान उपलब्ध कराने के लिए अच्छी लायब्रेरी बनाई जायेगी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज देश ना केवल फल-फूल रहा है, बल्कि सुख, आनन्द, वैभव के साथ विकास के समृद्धि के सारे द्वार भी खोल रहा है। देश के दुश्मनों को नेस्तनाबूत करने के लिए देश के खिलाफ काम करने वाले आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाने में हमारी सरकार सक्षम है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य गरीबों, महिलाओं, किसानों एवं समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखते हुए उनका विकास करना एवं बेहतर जीने के संसाधन मुहैया कराना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अगले पाँच साल में किसानों से 2700 रूपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की खरीदी होगी। इस तारतम्य में वर्तमान में 2600 रूपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की खरीदी हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को सिंचाई के संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि वे समृद्धशाली बनें। किसानों के लिए 05 रूपये में बिजली का कनेक्शन देने का निर्णय लिया गया है। शाजापुर जिले में नदी जोड़ो अभियान के तहत पार्वती-कालीसिंध-चम्बल परियोजना से किसान लाभांवित होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों को एक-एक खेत को पानी उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है। किसानों को सोलर पंप लगाने के लिए 5 लाख रूपये लगते हैं, किन्तु सरकार 10 प्रतिशत की राशि में यानी की 50 हजार रूपये में सोलर पंप देगी, इससे किसानों को बिजली के बिल से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सोलर पंप के उपयोग के उपरांत बची हुई बिजली को सरकार भी खरीदेगी, इससे किसानों को फायदा होगा। प्रदेश में औद्योगिकरण की दिशा में सरकार ने अनेक कदम उठाएं हैं। प्रत्येक संभाग पर समिट आयोजित कर औद्योगीकरण की बात की गई है। कृषि आधारित उद्योगों के लिए इन्दौर-उज्जैन संभाग के सभी किसानों को लेकर मन्दसौर के सीतामऊ में 03 मई को मेला आयोजित किया जा रहा है, जिसमें किसानों के लिए उन्नत खेती, उद्योग आदि की जानकारी उपलब्ध रहेगी। किसानों को फसलों की बेहतर कीमत उपलब्ध कराने के लिए संभागों में कृषि का महाकुम्भ लगाकर किसानों की बेहतरी के लिए काम किया जा रहा है।
प्रदेश सरकार गौ-पालन को प्रोत्साहन देने का कार्य कर रही है। सरकार के माध्यम से गौशालाएं संचालित होगी। गौशालाओं को 40 रूपये प्रति गाय की दर से प्रदान किया जायेगा। सरकार द्वारा गाय पालने पर अनुदान दिया जायेगा। सरकार दूध उत्पादन की क्षमता बढ़ाने के लिए विभिन्न उपाय कर रही है। प्रदेश दूध उत्पादन के क्षेत्र में देश में तीसरे स्थान पर है।
इस अवसर पर अन्तर्राष्ट्रीय कथावाचक पण्डित श्री प्रदीप मिश्रा ने कालापीपल क्षेत्र के रामपुरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत संपन्न हुए सामुहिक विवाह सम्मेलन में 1247 कन्याओं के विवाह पर स्थानीय विधायक श्री घनश्याम चन्द्रवंशी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सामुहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक समरसता का प्रतीक भी है। यहां 114 मुस्लिम कन्याओं का निकाह भी संपन्न हुआ है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विकास के क्षेत्र में प्रदेश को नम्बर वन बनाया है। प्रदेश में सार्वजनिक स्थलों पर माँस का विक्रय बंद कराया, वही धार्मिक स्थलों एवं नगरों में शराब का विक्रय बंद कराकर नशामुक्त क्षेत्र बनाया है। उन्होंने नवविवाहित दम्पत्तियों को आपस में एक दूसरे पर विश्वास करने एवं आदर करने की सलाह भी दी। इस मौके पर उन्होंने नवविवाहित दम्पत्तियों को शुभकामनाएं एवं अशीर्वाद दिया।
स्वागत उद्बोधन देते हुए विधायक श्री चन्द्रवंशी ने सामुहिक विवाह सम्मेलन के आयोजन में सहभागी बनी संस्थाओं एवं कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।
इसके पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नव विवाहित दम्पत्तियों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्यापूजन कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन श्री हेमंत दुबे एवं सुश्री वृंदा अजमेरा ने किया। कार्यक्रम के दौरान नवविवाहित दम्पत्तियों को प्रतीकस्वरूप मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की राशि 49 हजार रूपये का चेक प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन पर ओएमजी के पर्यवेक्षक प्रो. डॉ. दिनेश गुप्ता द्वारा सामुहिक विवाह सम्मेलन में बड़ी संख्या में हुए सामुहिक विवाह और कम समय में विवाह संपन्न कराने तथा कई लोगों को एक साथ भोजन कराने पर बने विश्व रिकार्ड का प्रमाण पत्र भी दिया। कार्यक्रम में उपस्थित साधु-संतों एवं अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत भी किया गया।
इस अवसर पर कबीर भजन गायक श्री बाबुलाल धोलपुरे सहित अन्य संस्थानों द्वारा भजन प्रस्तुत किये गये।
हेलीपेड पर स्वागत
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कालापीपल स्थित हेलीपेड पर आगमन पर सांसद श्री महेन्द्र सिंह सोलंकी, विधायक श्री अरूण भीमावद, श्री घनश्याम चन्द्रवंशी, श्री रवि पाण्डे ने पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना एवं पुलिस अधीक्षक श्री यशपालसिंह राजपूत ने पुष्पगुच्छ प्रदान कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अगवानी की।