शाजापुर। जनजातीय समाज का इतिहास अदम्य साहस, त्याग और बलिदान से भरा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा, जननायक टंट्या भील और भीमा नायक जैसे वीर क्रांतिकारियों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध निडर होकर संघर्ष किया और देश की स्वतंत्रता व स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ये विचार प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
गुरुवार दोपहर टंकी चौराहा स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंत्री परमार ने कहा कि जनजातीय नायकों का जीवन आज भी हमें राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और अन्याय के विरुद्ध डटकर खड़े होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और महापुरुषों के योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, उत्थान और समग्र कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रवि पांडेय ने पत्रकारों का स्वागत करते हुए जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन और इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
प्रेसवार्ता के दौरान अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र मेड़ा, भाजपा जिला महामंत्री विजय सिंह, रायसिंह मालवीय, जिला मंत्री उमेश टेलर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय कुमार शिवहरे ने किया।

