70वीं शालेय बास्केटबॉल प्रतियोगिता: अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ी खिलाड़ियों की सेहत, इलाज के लिए कतार में खड़े होने को मजबूर
सीतामऊ | Ali husain- सीतामऊ में आयोजित हो रही 70वीं शालेय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में खेल आयोजकों की भारी लापरवाही और बदइंतजमी सामने आ रही है। प्रतियोगिता के दौरान चोटिल हो रहे खिलाड़ियों को समय पर प्राथमिक और त्वरित उपचार नहीं मिल पा रहा है।
मंगलवार सुबह मैच के दौरान एक बालिका खिलाड़ी का पैर गंभीर रूप से चोटिल हो गया। प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बालिका को उसके कोच के साथ इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद भी उन्हें कोई विशेष प्राथमिकता नहीं मिली और घायल बालिका खिलाड़ी को पर्ची कटवाने के लिए आम मरीजों की तरह लंबी लाइन में खड़ा रहना पड़ा।
खेल आयोजकों और व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
मैच स्थल पर आपातकालीन चिकित्सा टीम, फिजियोथेरेपिस्ट या एम्बुलेंस की माकूल व्यवस्था न होने से खेल प्रेमियों और विभिन्न टीमों के कोचों में गहरा रोष है।
प्रमुख मांग: खिलाड़ियों के संरक्षकों और कोचों का कहना है कि इतने बड़े राज्य/जिला स्तरीय आयोजन में खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। घायल खिलाड़ियों के लिए खेल स्थल पर ही त्वरित चिकित्सा सुविधा या अस्पताल में प्राथमिकता के आधार पर इलाज की अलग व्यवस्था की जानी चाहिए।

