हनुमान मंदिर के सामने दोबारा साफ हुई जगह, अब कचरा फेंकने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
शाजापुर। नगर पालिका शाजापुर के वार्ड क्रमांक 6 स्थित जिला संघ के सामने हनुमान मंदिर के पास लंबे समय से कचरे का ढेर लगा रहता था। स्थानीय नागरिकों की शिकायतों के बाद पार्षद प्रतिनिधि शमीउल्लाह ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर नगर पालिका के माध्यम से सफाई कार्य कराया। इस कार्य में शहर काज़ी साहब के मार्गदर्शन एवं प्रयासों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके बाद पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा कराया गया।
हालांकि सफाई के बावजूद कुछ लोग अब भी रात्रि के समय उसी स्थान पर चोरी-छिपे कचरा डाल रहे हैं, जिससे दोबारा गंदगी फैलने लगी है। इसे गंभीरता से लेते हुए पार्षद प्रतिनिधि ने एक बार फिर नगर पालिका से उक्त स्थान की सफाई करवाई है।
इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति उक्त स्थान पर कचरा डालते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध नगर पालिका के नियमों के अनुसार भारी जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि कचरा फेंकने वालों की पहचान कर इस समस्या पर स्थायी रूप से रोक लगाई जा सके।
उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि स्वच्छ और सुंदर वातावरण बनाए रखने में सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएं तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें। स्वच्छता केवल नगर पालिका की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

