पवित्र वसुधा आनंद क्लब ने वृद्धाश्रम में किया पौधारोपण, लिया संरक्षण का संकल्प

शाजापुर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर पवित्र वसुधा आनंद क्लब द्वारा स्थानीय वृद्धाश्रम में एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुरूवार सुबह 7 से 8 बजे तक चले इस आयोजन में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ ही बुजुर्गों का सम्मान किया गया। पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के उद्देश्य से इस दौरान वृद्धाश्रम परिसर में आम और जामुन के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में पवित्र वसुधा आनंद क्लब के प्रतिनिधि आनंदक मनोज कुमार जायसवाल, कमलेश सिलोदिया, मंजू सिलोदिया और बाल सहयोगी कु. निधि जायसवाल विशेष रूप से मौजूद रहीं। इनके साथ वृद्धाश्रम के सभी वृद्धजनों और स्टॉफ ने भी उत्साह एवं उमंग के साथ पौधारोपण में हिस्सा लिया। उपस्थितजनों ने पौधे लगाते हुए यह कामना की कि भविष्य में इन वृक्षों से राहगीरों और अन्य लोगों को शीतल छांव तथा मीठे फल प्राप्त हो सकें। इस पुनीत कार्य के माध्यम से सभी ने पर्यावरण के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की और रोपे गए पौधों के नियमित संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर क्लब के सदस्यों ने सभी वृद्धजनों का आत्मीय अभिवादन किया और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *