बेरछा-सुंदरसी मार्ग पर बड़ा हादसा टला: बाइक सवार को बचाने में खाई में उतरी बस, बाल-बाल बचे 40 यात्रीबेरछा (शाजापुर)।शनिवार दोपहर बेरछा से सुंदरसी जा रही एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। सामने से अचानक आए एक मोटरसाइकिल चालक को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गहरी खाई में उतर गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं। *दोपहर 3 बजे की घटना, मची चीख-पुकार* प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर लगभग 3:00 बजे के आसपास की है। यात्री बस बेरछा से सवारियां लेकर सुंदरसी की ओर जा रही थी। हादसे के वक्त बस के अंदर लगभग 30 से 40 यात्री सवार थे। जैसे ही बस अनियंत्रित होकर खाई में उतरी, यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। *डायल 112 ने मौके पर पहुंचकर की मदद* राहगीरों द्वारा घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही ‘डायल 112’ की टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंच गई। पुलिस जवानों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
बाइक सवार को बचाने में खाई में उतरी बस, बाल-बाल बचे 40 यात्री

